हांसी:– चानौत गांव में पीने के पानी की मांग को लेकर चल रहा धरना आज लगातार 38वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर आज दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष रौनक खत्री, NSUI के रोहित दलाल, युवा कांग्रेस से विकास ढांडा व सोविन बेरवाल, आम आदमी पार्टी नेता राजेंद्र सोरखी और रमेश पान्नू सहित कई लोगों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
धरना कमेटी की ओर से सत्यवान सरपंच और अनूप चानौत ने एक्सईएन संजीव त्यागी द्वारा केस दर्ज करने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अधिकारियों को मुकदमे दर्ज करने की बजाय टी को कानूनी मान्यता देने और पाइपलाइन निर्माण की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि जल्द से जल्द पाइपलाइन का कार्य शुरू हो और शहर व चानौत गांव के लोगों को पीने का पानी मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का आंदोलन शांतिपूर्ण और जनहित से जुड़ा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि टी को कानूनी मान्यता दी जाए, धरना दे रहे ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और टी से लेकर चानौत जलघर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाए।
कमेटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक इन मांगों पर समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और पाइपलाइन का काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि उनका संघर्ष चानौत गांव के लोगों के लिए स्थायी पेयजल व्यवस्था की मांग को लेकर है। इसमें सरकार कि तरफ से टी की व्यवस्था तो हमारी हो गई है बस उसके आगे की पाइपलाइन भी जल्दी बिछाकर चानौत गांव के जलघर तक पहुंचाया जाए और गांव की बाकी मांगे भी जल्द पूरी की जाएं।
चानौत गांव का जल आंदोलन 38वें दिन भी जारी दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष रौनक खत्री समेत कई नेताओं ने धरने को दिया समर्थन
