हरोली/ऊना, 27 जून (राजवीर चोपड़ा):- ग्राम पंचायत बाथू में शनिवार को पंचायत कार्यालय में नवनिर्वाचित वार्ड पंचों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत की प्रधान **श्रीमती मीना देवी** ने सभी वार्ड पंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा एवं निष्ठा रखने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्पक्षता और शुद्ध अंतःकरण से निर्वहन करने तथा बिना किसी भय, पक्षपात, अनुराग या द्वेष के सभी लोगों के साथ संविधान एवं कानून के अनुसार न्याय करने की शपथ ली।
शपथ ग्रहण करने वालों में **सुखदेव कुमार, चंचला, अतुल राणा, जोगिंदर सिंह, डिम्पल राठौर, शुभ लता, नीता कुमारी, ममता देवी, सुषमा देवी, सुरेश कुमार, ज्ञान चंद** तथा **धर्मपाल बैंस** शामिल रहे।
इस अवसर पर पंचायत सचिव **शशि कुमार**, तकनीकी सहायक **जीवन कुमार** तथा ग्राम रोजगार सेवक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा पंचायत के विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के संकल्प के साथ हुआ।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत नवनिर्वाचित पंचायत सदस्यों ने पंचायत परिसर में एक फलदार पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।