हरोली/ऊना, 22 जून (राजवीर चोपड़ा):- उपमंडल हरोली के अंतर्गत ग्राम भड़ियारा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना से क्षेत्र के भूमि मालिकों में रोष व्याप्त है। पीड़ितों ने पुलिस थाना टाहलीवाल में शिकायत दर्ज करवाकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
 पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार कमल सिंह, राज कुमार, संजीव कुमार तथा प्रदीप कुमार निवासी दुलेहड़ की ग्राम भड़ियारा में निजी भूमि है, जहां बड़ी संख्या में खैर के पेड़ खड़े थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनकी भूमि पर मौजूद लगभग 25 से 30 खैर के पेड़ों को अज्ञात लोगों ने काट दिया और उनकी लकड़ी भी मौके से उठा ले गए।
 जब वे 20 जून को अपनी जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां पेड़ों के कटे हुए जडे दिखाई दिए, जबकि लकड़ी पूरी तरह गायब थी। पीड़ितों का कहना है कि खैर की लकड़ी बाजार में काफी मूल्यवान मानी जाती है और चोरी हुए पेड़ों की कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है।
 इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आशंका जताई है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से रात के समय इस वारदात को अंजाम दिया होगा। ग्रामीणों का भी मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई बिना किसी योजना के संभव नहीं है।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए, संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जाए तथा चोरी की गई लकड़ी को बरामद किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है।
 थाना टाहलीवाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।