टाहलीवाल/ऊना,  5 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- ऊना जिला के हरोली क्षेत्र में स्थापित  हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन आज स्थानीय उद्योगों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। इस एसोसिएशन ने जहां एक ओर क्षेत्र के छोटे और मझोले उद्योगों को नई दिशा दी है, वहीं दूसरी ओर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरोली एसोसिएशन क्षेत्र में लंबे समय से औद्योगिक दृष्टि से संभावनाओं वाला इलाका माना जाता रहा है, परंतु व्यवस्थित सहयोग और नीतिगत मार्गदर्शन के अभाव में अनेक उद्यमी अपनी योजनाओं को मूर्त देने के लिए हरोली एसोसिएशन के पास आए।
 हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन के गठन ने उद्योगों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां उनकी समस्याओं का समाधान और सुझाव एकजुट होकर सरकार तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल व महासचिव रोहित वर्मा के नेतृत्व में एसोसिएशन ने कई सकारात्मक कदम उठाए हैं। बिजली, पानी, सड़क और कच्चे माल की उपलब्धता जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया।
 इसके अलावा, एसोसिएशन ने प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक सुरक्षा के प्रति भी उद्योगपतियों को जागरूक किया है। कौशल ने बताया की आज एसोसिएशन के साथ 150 से ज्यादा उद्योग जुड़े है। महत्वपूर्ण बात यह है कि एसोसिएशन ने क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रशिक्षण शिविरों और उद्यमिता कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं को स्व-रोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 
कई युवाओं ने एसोसिएशन की मदद से छोटे स्तर पर उद्योग शुरू किए और अब वे न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं। इसके अलावा, एसोसिएशन ने सरकार से औद्योगिक नीति में सुधार, टैक्स में राहत और लघु उद्योगों के लिए ऋण सुविधा आसान करने जैसे मुद्दों को भी मजबूती से उठाया है। इससे उद्योगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिली है।
हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन ने उद्योगपतियों के बीच आपसी सहयोग और एकता को भी बढ़ावा दिया है। पहले जहां उद्योगों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते संवाद की कमी रहती थी, वहीं अब एक साझा मंच पर बैठकर समस्याओं का हल निकाला जाता है। आज हरोली ब्लॉक का नाम प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल हो चुका है। एसोसिएशन के प्रयासों से यहां नए निवेशकों का रुझान भी बढ़ा है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर में आमूलचूल परिवर्तन आया है।
 हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन ने न केवल उद्योगों को सशक्त किया है बल्कि हरोली क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा दी है। आने वाले समय में यह एसोसिएशन और अधिक प्रभावी भूमिका निभाते हुए हरोली को प्रदेश का अग्रणी औद्योगिक केंद्र बनाने में मील का पत्थर साबित होती जा रही एसोसिएशन के साथ नेसले, क्रिमिका, सुखजीत, प्रीतिका जैसे उद्योग जुड़े है।