हरोली/ऊना, 31 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- जिला ऊना में हुई अब तक की सबसे बड़ी सेंधमारी की वारदात को हरोली पुलिस ने महज 12 घंटों में सुलझाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ के दिशा-निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक मोहन रावत के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को करीब 35 लाख रुपये के सोना-चांदी के गहनों सहित गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को पुलिस थाना हरोली के तहत सलोह चौक के पास स्थित ‘कौशल ज्वेलर्स’ के मालिक ने शिकायत दर्ज करवाई कि देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर तिजोरी से लगभग 100 ग्राम सोना और 8 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही पंडोगा चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी सुनील संख्यान को मामले से अवगत कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज, ह्यूमन इंटेलिजेंस तथा तकनीकी सर्विलांस के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते मात्र 12 घंटों के भीतर इस ब्लाइंड केस को सुलझाते हुए पंजाब के होशियारपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मान सिंह पुत्र रमाकांत पासवान, निवासी जिला किशनगंज (बिहार) के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री है और पहले इस क्षेत्र में काम कर चुका है। क्षेत्र की पूरी जानकारी होने के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 35 लाख रुपये के गहने बरामद कर लिए हैं। आरोपी को हरोली लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना जताई जा रही है।
इस बड़ी सफलता के बाद स्थानीय लोगों और ‘कौशल ज्वेलर्स’ के मालिक ने पुलिस का आभार जताया है। पुलिस का कहना है कि इस खुलासे से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के भी सुलझने की उम्मीद बढ़ी है।
