पटियाला:- शहीद भगत सिंह के जीवन के अनछुए पहलुओं को दर्शाने वाले संजीवन द्वारा लिखित पूर्ण नाटक ‘सरदार’ के कुछ अंश तैयार करवाए गए।प्रशिक्षुओं, अध्यापकों और कर्मचारियों के लिए समर कैंप के निदेशक द्वारा दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई।
उत्तरी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों तथा गैर-विद्यार्थियों के लिए आयोजित बीस दिवसीय (1 से 20 जून तक) रंगमंचीय प्रशिक्षण समर कैंप के समापन अवसर पर कर्नल इंद्रप्रीत सिंह ढालीवाल तथा पैरागॉन स्कूल के निदेशक श्री एम.बी.एस. शेरगिल ने भाग लिया।
समर कैंप के दौरान लगभग डेढ़ दर्जन विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह के जीवन के अनछुए पहलुओं और देश की आजादी के लिए दी गई उनकी कुर्बानियों को दर्शाने वाले संजीवन सिंह द्वारा लिखित पूर्ण नाटक ‘सरदार’ के कुछ अंशों तथा उनकी कोरियोग्राफी का प्रशिक्षण दिया गया। इन प्रस्तुतियों का मंचन स्कूल खुलने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों के समक्ष किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मोहाली के नागरिकों को देशभक्तों की कुर्बानियों से अवगत करवाने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त तक शहर के विभिन्न बाजारों में भी इस नाटक का मंचन किया जाएगा।
यह जानकारी स्कूल की कोऑर्डिनेटर दीपइंदर कौर शेरगिल ने दी। उन्होंने बताया कि रंगमंच एवं फिल्म अभिनेता कुक्कू दीवान और रंजीवन सिंह को भी प्रशिक्षुओं के रूबरू कराया गया, जिन्होंने अभिनय और संवाद-अदायगी की बारीकियों से संबंधित महत्वपूर्ण अनुभव और सुझाव साझा किए।
समर कैंप के समापन अवसर पर कैंप के निदेशक संजीवन सिंह द्वारा प्रशिक्षुओं तथा स्कूल की प्रिंसिपल, अधिकारियों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई। समर कैंप के सफल संचालन में प्रिंसिपल अमरजीत कौर और पंजाबी अध्यापिका संदीप कौर कंग का भी सक्रिय सहयोग रहा।