करनाल, 23 जुलाई:- भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा, करनाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को साकार करते हुए सेक्टर-13 स्थित श्यामल सेन अस्पताल के सामने पार्क में पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शाखा के 30 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सामूहिक रूप से 30 नए पौधे रोपित किए। प्रत्येक सदस्य ने अपने नाम का एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही उपस्थित नागरिकों को भी पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। 150 पौधे वितरित किए गए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। सभी सदस्यों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। 
शाखा अध्यक्ष श्रीमती सोनिया मेहता ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ समाजहित के कार्य निरंतर करती रहेगी। शाखा सचिव सुमन अरोड़ा जी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। महिला सहभागिता सोनिया हंस जी ने भी अपना भरपूर सहयोग दिया और कहा कि 
यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने तथा "हर सदस्य – एक पौधा" के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।