संतोषगढ़/ऊना, 20 फरवरी (चोपड़ा):- हिमाचल प्रदेश की सैर अब बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए महंगी होने जा रही है। प्रदेश सरकार ने बाहरी राज्यों से प्रवेश करने वाले वाहनों की एंट्री फीस में 30 रुपए से लेकर 230 रुपए प्रति वाहन तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें अधिसूचित कर दी गई हैं, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी।
सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश टोल्स एक्ट, 1975 के तहत जारी अधिसूचना के अनुसार, इन नई दरों का असर न केवल बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों पर पड़ेगा, बल्कि माल ढुलाई की लागत में भी वृद्धि संभव है।
नई दरों के मुताबिक प्राइवेट कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों पर लगने वाली एंट्री फीस 70 रुपए से बढ़ाकर 170 रुपए कर दी गई है, यानी सीधे 100 रुपए की वृद्धि। 12+1 सीटर पैसेंजर वाहनों का शुल्क 110 रुपए से बढ़ाकर 130 रुपए कर दिया गया है।
मिनी बस (32 सीटर) का शुल्क 180 रुपए से बढ़ाकर 320 रुपए कर दिया गया है, जबकि कमर्शियल बसों के लिए शुल्क 320 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए कर दिया गया है।
निर्माण कार्य में प्रयुक्त मशीनरी पर एंट्री फीस 570 रुपए से बढ़ाकर 800 रुपए कर दी गई है। बड़े मालवाहक वाहनों का शुल्क 720 रुपए से बढ़ाकर 900 रुपए कर दिया गया है। ट्रैक्टर के प्रवेश शुल्क में भी बढ़ोतरी करते हुए इसे 70 रुपए से 100 रुपए कर दिया गया है। हालांकि डबल एक्सल बस-ट्रक की फीस 570 रुपए ही रखी गई है, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के लागू होने के बाद प्रदेश में पर्यटन और परिवहन क्षेत्र पर इसका व्यापक प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है।