एस ए एस नगर, 5 दिसंबर:- ज़ीरो वेस्ट बर्निंग को सुनिश्चित करने और पर्यावरण–अनुकूल ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय मोहाली और नगर निगम मोहाली द्वारा संयुक्त रूप से एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र नगर निगम कार्यालय, मोहाली के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुआ।
पी पी सी बी मोहाली के कार्यकारी अभियंता नवतेश सिंगला और रिसोर्स पर्सन सुश्री स्वाति ने प्रतिभागियों को ठोस कचरे को जलाने से होने वाले गंभीर पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी खतरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए पर्यावरण–हितैषी कचरा प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
लगभग 150 सफ़ाई सेवकों, रैग पिकर्स, अधिकारियों और नगर निगम मोहाली के कर्मचारियों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। सत्र में नगरपालिका ठोस कचरे एवं उद्यान संबंधी कचरे को जलाने के दुष्प्रभावों पर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, कचरा जलाने से संबंधित कानूनी प्रावधानों, दंड और विभिन्न पर्यावरणीय कानूनों के तहत लागू की जाने वाली कार्रवाई के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
सत्र के अंत में सभी सफ़ाई सेवकों ने किसी भी स्थान पर ठोस कचरे के जलाने को हतोत्साहित करने और रोकने के लिए संकल्प लिया, तथा मोहाली शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मोहाली में ज़ीरो वेस्ट बर्निंग सुनिश्चित करने हेतु सफ़ाई सेवकों और रैग पिकर्स के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन
