हरोली/ऊना, 7 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र और टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सरकार ने टाहलीवाल स्थित फायर चौकी का स्तर बढ़ाकर उसे फायर सब स्टेशन का दर्जा दे दिया है। इस फैसले को हाल ही में राज्य कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई है।
हरोली विधानसभा क्षेत्र में उद्योगों की संख्या अधिक होने के कारण यहां आगजनी की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पहले टाहलीवाल फायर चौकी में स्टाफ और फायर वाहनों की कमी के कारण कई बार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आग लगने की स्थिति में कई बार ऊना या नंगल से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का इंतजार करना पड़ता था, जिससे राहत कार्य में देरी हो जाती थी।
अब टाहलीवाल फायर चौकी को फायर सब स्टेशन बनाए जाने से यहां स्टाफ और फायर वाहनों की संख्या बढ़ेगी, जिससे आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा। इससे हरोली विधानसभा क्षेत्र सहित टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों और स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से टाहलीवाल फायर चौकी को अपग्रेड करने की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने पूरा कर दिया है। इस फैसले से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत होगी और आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने में तेजी आएगी।
टाहलीवाल फायर चौकी का स्तर बढ़ाकर बना फायर सब स्टेशन हरोली क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ
