मोहाली, 12 सितंबर, 2026:- शहीद जत्थेदार शेर सिंह डूमछेड़ी के जीवन, संघर्ष और विचारधारा पर आधारित पुस्तक ‘शहीद जत्थेदार शेर सिंह डूमछेड़ी’ का शनिवार को फेज-11 स्थित विंध्यम होटल-मोहाली क्लब में आयोजित विशेष समारोह में लोकार्पण किया गया। समारोह में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार भाई रणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर शहीद जत्थेदार शेर सिंह डूमछेड़ी के जीवन, उनके संघर्ष, विचारधारा और समाज के प्रति योगदान पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शहीदों के जीवन और संघर्ष को पुस्तकों के माध्यम से सुरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की जरूरत है।
समारोह में परमिंदर सिंह ढींडसा, गुरप्रताप सिंह वडाला, संता सिंह उमैदपुर और प्रेम सिंह चंदूमाजरा सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। इस दौरान पुस्तक पर विचार-गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने शहीद जत्थेदार शेर सिंह डूमछेड़ी के जीवन और समाज के लिए उनके योगदान को याद किया।
शहीद जत्थेदार शेर सिंह डूमछेड़ी के पुत्र गुरविंदर सिंह डूमछेड़ी ने बताया कि पुस्तक तैयार करने का उद्देश्य उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं, संघर्ष और विचारों को दस्तावेज के रूप में संरक्षित करना है, ताकि युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके।