हांसी:– खुशी कॉलेज ऑफ नर्सिंग कागसर की छात्राओं द्वारा अपनी मांगों को लेकर चलाया जा रहा धरना शनिवार को समाप्त हो गया। धरना समाप्ति के अवसर पर छात्राओं ने खुशी-खुशी धरना खत्म किया और विधायक विनोद भयाना के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
धरना समाप्ति के दौरान विधायक विनोद भयाना स्वयं मौके पर पहुंचे और छात्राओं को आश्वासन दिया कि कॉलेज की सभी इच्छुक छात्राओं का नियमानुसार माइग्रेशन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्राओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा और राज्य सरकार उनके हितों की पूरी तरह रक्षा करेगी।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि छात्रों से किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि माइग्रेशन प्रक्रिया में छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ इस पूरे मामले की निगरानी करेगा।
धरना समाप्ति कार्यक्रम में खुशी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रशासक विकास यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं के हित में लिया गया यह निर्णय उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
धरना समाप्त होने के बाद छात्राओं के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। छात्राओं ने कहा कि विधायक विनोद भयाना और जिला प्रशासन के सहयोग से उनकी समस्या का समाधान हुआ है, जिसके लिए वे सभी का धन्यवाद करती हैं।