हरोली/ऊना, 21 जून (राजवीर चोपड़ा):- श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्म स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में श्री गुरु रविदास महाराज जी का ज्योति-जोत दिवस तथा श्री गुरु अर्जन देव महाराज जी का शहीदी पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। इस अवसर पर सुखमनी साहिब जी की पवित्र वाणी के जाप उपरांत बाबा केवल सिंह जी के जत्थे द्वारा संगत को गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से निहाल किया गया।
बाबा केवल सिंह जी ने बताया कि श्री गुरु रविदास महाराज जी 1 हाड़, 1528 ईस्वी को ज्योति-जोत समाए थे। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने हमें मानवता का संदेश दिया और मानवता से भरपूर जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान की। गुरु रविदास महाराज जी की कृपा से आज हम धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक स्वतंत्रता का सुख प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि श्री गुरु अर्जन देव महाराज जी की शहादत का एक प्रमुख कारण समाज को एकजुट करना, जात-पात का खात्मा करना तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में तथाकथित निम्न जातियों के संत-महापुरुषों की वाणी को स्थान देना भी था।
श्री गुरु अर्जन देव महाराज जी ने समाज और मानवता की रक्षा के लिए शहादत का जाम पिया। उनकी महान शहादत को कोटि-कोटि नमन है। इस अवसर पर बाबा सुखदेव सिंह जी ने संगत से गुरु घर में चल रही कार सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर समिति सदस्य बाबा केवल सिंह जी, बाबा नरेश सिंह जी, बाबा सुखदेव सिंह जी, चौधरी जीत सिंह जी, कैशियर हरभजन सिंह, चरण भारती जी, बिंदर सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. विपिन कुमार, राम स्वरूप (होशियारपुर), बलजिंदर सिंह भरोली, दीपक सिंह, राकेश कुमार, कुलविंदर लाल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में श्री गुरु रविदास महाराज जी का ज्योतिजोत दिवस और श्री गुरु अर्जन देव महाराज जी का शहीदी पर्व श्रद्धा भाव से मनाया गया
