हिसार:- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीतो हिसार चैप्टर द्वारा पूरे उत्साह के साथ कार रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने कार का स्टेयरिंग थामकर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। हिसार के सेक्टर-33 की मुख्य पार्किंग से शुरू होकर यह कार रैली विभिन्न बाजारों से होते हुए दिल्ली रोड स्थित मेट्रोपॉलिस मॉल पार्किंग पर संपन्न हुई। इस दौरान महिलाओं की कुशलता व जोश देखने लायक रहा।
जीतो हिसार चैप्टर के महिला विंग की उपाध्यक्ष आंचल आशीष जैन ने बताया कि इस रैली के माध्यम से महिलाओं में नव ऊर्जा का संचार हुआ। यह रैली कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए आयोजित की गई। आंचल जैन ने बताया कि रैली के समापन पर मिडटाउन ग्रैंड में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया। इस जागरूकता सत्र में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. लवनीश गोयल, डॉ. हरीश शर्मा, डॉ. मीनाक्षी बंसल व डॉ. निधि महता ने विशेष रूप से शिरकत की। डॉ. मीनाक्षी बंसल व डॉ. निधि महता ने महिलाओं को होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर से अवगत करवाया। उन्होंने कैंसर के कारणों, बचाव व इलाज के संदर्भ में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। डॉ. लवनीश गोयल व डॉ. हरीश शर्मा ने जीतो हिसार चैप्टर के पुरुष सदस्यों को कैंसर संबंधी जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि कैंसर से जूझ रही महिलाओं को किस तरह पुरुष सहायता कर सकते हैं। चिकित्सकों ने सदस्यों द्वारा पूछे गए स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों का सटीक जवाब देकर उनकी जिज्ञासा भी शांत की।
इस अवसर पर जीतो हिसार चैप्टर के अध्यक्ष आशीष जैन ने कहा कि 31 जनवरी को जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) का हिसार चैप्टर लांच हुआ। इसके उपरांत महिला दिवस पर यह भव्य आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जीतो संगठन सामाजिक सरोकारों से जुडक़र समाज के उत्थान, आर्थिक सशक्तीकरण व ज्ञान के प्रसार में विशेष योगदान दे रहा है। यह संगठन सेवा उन्मुख कार्यों को बढ़ावा देते हुए शिक्षा, रोजगार व समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार रैली व जागरूकता सत्र को सफल बनाने में जीतो हिसार चैप्टर की महिला विंग की अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, आंचल आदिश्वर जैन, यूथ विंग से जुड़े आयुष जैन, ऋषभ जैन एवं मुख्य विंग से जुड़े आलोक जैन, मुकेश जैन, अमित जैन व राकेश जैन ने विशेष भूमिका निभाई।
**सराहनीय रहा महिलाओं उत्साह व जोश
हिसार : जीतो हिसार चैप्टर द्वारा आयोजित कार रैली के लिए महिलाओं का उत्साह व जोश सराहनीय रहा। दरअसल प्रात: सूर्योदय से पूर्व ही महिलाएं सेक्टर-33 की पार्किंग में पहुंच गई। यहां से 50 से अधिक कारों का काफिला मेट्रोपॉलिस मॉल के लिए रवाना हुआ। खास बात यह रही कि सभी कारों की स्टेयरिंग सीट पर महिलाएं दिखाई दी। सभी ने पूरी दक्षता दिखाते हुए विभिन्न बाजारों से होते हुए गंतव्य पर पहुंचकर एक-दूसरे को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। इसके उपरांत सभी ने स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में हिस्सा लिया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीतो हिसार चैप्टर ने निकाली कार रैली महिलाओं ने संभाला स्टेयरिंग
