हरोली/ऊना, 8 मार्च (नारायण प्रभाकर): हरोली के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में स्थित फायर पोस्ट को राज्य मंत्रिमंडल द्वारा उप अग्निशमन केंद्र (सब स्टेशन) का दर्जा दिए जाने पर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया है। उद्योग संघ ने कहा कि इस निर्णय से औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा कि टाहलीवाल तथा बाथू-बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित हैं। ऐसे में आगजनी जैसी आपात स्थितियों में त्वरित अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है। फायर पोस्ट को उप अग्निशमन केंद्र में उन्नत किए जाने से अब किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन विभाग की टीम और अधिक तेजी से घटनास्थल पर पहुंच सकेगी, जिससे उद्योगों तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
राकेश कौशल ने बताया कि इस निर्णय के बाद यहां कई सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। पहले जहां फायर पोस्ट में लगभग 15 कर्मचारी कार्यरत थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर करीब 25 हो जाएगी। इसके अतिरिक्त केंद्र में तीन बड़े अग्निशमन वाहनों की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है। इससे न केवल उद्योगों को बेहतर सुरक्षा मिलेगी, बल्कि आसपास की लगभग 35 पंचायतों के लोगों को भी आगजनी की घटनाओं के समय त्वरित सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि उप अग्निशमन केंद्र बनने के बाद कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि तथा अतिरिक्त अग्निशमन वाहनों की तैनाती से अग्निशमन सेवाएं पहले से अधिक प्रभावी होंगी। इससे टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन के महासचिव रोहित वर्मा सहित नागेंद्र सिंह, आर.सी. तनेजा, वीरेंद्र शर्मा, जयदीप जाधव, दीपक पुरी, सुरेंद्र शर्मा, बलजीत सिंह, किरण दीप सिंह, राजेश धीर, सुनील किनपाल, नरेश कुमार, सरबजीत ढिल्लों, रोहित शर्मा, नितीश शर्मा, महताब ठाकुर, लखविंदर, राकेश सैनी, मनीष शर्मा, अश्वनी शर्मा, बलबीर सिंह सैनी, सुखविंदर जोशी, विभास शर्मा, राजेश शर्मा, विश्वजीत सिंह, सुखविंदर कुमार, अरुण रॉय, फरमान भाटिया, साहिल राणा, जगजीत सिंह, अजय कुमार, राजेश शर्मा, राजेंद्र कुमार अरोड़ा, आशीष कौशल, विवेक शर्मा, सुरेश कुमार, अरुण कुमार, प्रसाद जी सक्सेना, अयूब खान, रमेश कुमार, संदीप राठौड़, दलजीत सिंह तथा जस्तरन सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी इस निर्णय के लिए प्रदेश सरकार तथा उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
टाहलीवाल फायर पोस्ट को उप अग्निशमन केंद्र का दर्जा मिलने पर उद्योग संघ ने उप मुख्यमंत्री का जताया आभार
