हांसी:- इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने शुक्रवार को शहर के बजरंग आश्रम में बुजुर्ग विजय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बुजुर्गों को सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया गया और उनके अधिकारों की रक्षा के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय जैन ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद सिंह लोहान ने शिरकत की। उमेद लोहान ने कहा कि यह दिन उन बुजुर्गों की जीत का प्रतीक है, जिनकी पेंशन काटी गई थी। लंबे संघर्ष के बाद उसे बहाल करवाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने एक लाख से अधिक बुजुर्गों की पेंशन यह कहकर बंद कर दी थी कि उनकी पेंशन गलत तरीके से बनाई गई है। इससे हजारों परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इनेलो और पार्टी सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया गया। विधानसभा से लेकर सड़कों तक विरोध प्रदर्शन किए गए और सरकार पर दबाव बनाया गया।
उन्होंने दावा किया कि लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा और बुजुर्गों की कटी हुई पेंशन बहाल करनी पड़ी। जिला अध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि बुजुर्ग समाज का अनुभव और मार्गदर्शन किसी भी प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। उनका सम्मान करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इनेलो बुजुर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विजय जैन, सतबीर सिसाय, हल्का अध्यक्ष सतपाल चहल, नारनौंद हल्का अध्यक्ष राजेश बिल्लू, एससी सेल जिला अध्यक्ष एडवोकेट दयानंद बुडाना, बीसी सेल जिला अध्यक्ष आजाद जांगड़ा, आईएसओ जिला अध्यक्ष ध्रुव जांगड़ा, पूर्व सरपंच प्रकाश मसूदपुर, विकास डाटा, रामपाल लौरा, राजेश पेटवाड़, वेदपाल सिंह, महावीर मोर, बिल्लू मदनहेड़ी, जिला प्रवक्ता कुलबीर ढील्लू, सुनील दलाल, सुखबीर गोयत, वेद पीटीआई, कवल डंडेरी, सुखबीर उगालन, संदीप पान्नू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनेलो के संघर्ष के आगे झुकी सरकार बुजुर्गों को मिला सम्मान उमेद सिंह लोहान
