करनाल, 26 नवंबर:  स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन का अधिकार देता है और इसी कारण देश आज विश्व के सबसे मजबूत लोकतंत्रों में अग्रणी है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान की रचना कर सर्व समाज को नैतिक, मौलिक और नागरिक अधिकारों का संरक्षण प्रदान किया। बाबा साहब का यह योगदान इतना महान है कि यह राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। 
सुभाष चंद्र ने कहा कि भारतीय संविधान की वजह से ही भारत विश्व पटल पर एक सशक्त लोकतांत्रिक देश के रूप में पहचाना जाता है। संविधान सभी को समानता, स्वतंत्रता और न्याय सुनिश्चित करता है, जिससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है। 
उन्होंने कहा कि बाबा साहब की दूरदर्शिता और समावेशी सोच ने भारत को एक ऐसी व्यवस्था दी, जिसमें हर वर्ग को अधिकार और अवसर मिलते हैं। सुभाष चंद्र ने नागरिकों से अपील की कि वे संविधान के प्रति जागरूक रहें, अपने अधिकारों को जानें और कर्तव्यों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।