हांसी:– सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हरियाणा प्रदेश के 50 प्रतिभाशाली युवाओं का स्पोर्ट्स कोटे के पदों पर चयन हुआ है। इनमें हांसी उपमंडल के उमरा गांव की होनहार खिलाड़ी पिंकी भी शामिल है। पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। संयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित एक सादे समारोह में एसडीएम राजेश खोथ ने पिंकी को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
एसडीएम राजेश खोथ ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से मजबूत होता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनके माध्यम से खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि और सरकारी सेवाओं में उच्च पद दिए जा रहे हैं। हरियाणा सरकार की नई खेल नीति ने प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा बल में स्पोर्ट्स कोटे के पदों पर देशभर से 116 खिलाड़ियों का चयन हुआ हुआ है, जिनमें से 50 युवा हरियाणा प्रदेश से हैं, इनमें लड़के और लड़कियां दोनों वर्गों के खिलाड़ी शामिल हैं। यह युवाओं की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल खेलों में भाग नहीं ले रहा, बल्कि खेल को अपना करियर बनाकर देश का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों से रोजगार के नए द्वार खोलते हैं। एक सच्चा खिलाड़ी कभी भी बेरोजगार नहीं रहता है। वह निश्चित रूप से जीवन में सफल होता है।
एसडीएम ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग दे रही है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई है। जिनके माध्यम से ग्रामीण स्तर तक खेल संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है हैं। साथ ही, खेल सुविधाओं का विस्तार कर युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
एसडीएम राजेश खोथ ने चयनित सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अनुशासन और निष्ठा के साथ देश की सेवा करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनें। समारोह में मौजूद अधिकारियों और अभिभावकों ने भी चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सीमा सुरक्षा बल ने स्पोर्ट्स कोटे के 116 पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों का परिणाम किया घोषित
