हांसी:– उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा है कि ज़िले में एलपीजी, पेट्रोल व डीज़ल की सप्लाई पर प्रशासन की कड़ी नज़र है। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग सहित संबंधित विभागों की टीमें गठित कर दी गई है। वर्तमान में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू एलपीजी का अन्य कार्यों के लिए दुरुपयोग न हो और गैस एजेंसियों द्वारा डबल स्टॉकिंग या अधिक कीमत वसूलने जैसी गतिविधियां किसी भी सूरत में न हों। साथ ही उपभोक्ताओं को भी किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और निर्धारित मानकों के अनुसार एलपीजी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को जिला प्रशासन को प्रतिदिन एलपीजी स्टॉक और सप्लाई की स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम और एलपीजी सप्लाई व वितरण आदेश 2000 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों से संबंधित शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-2087 भी जारी किया गया है।
एलपीजी पेट्रोल व डीजल की सप्लाई पर प्रशासन की कड़ी नजर जमाखोरी व ओवरचार्जिंग पर होगी कार्रवाई डीसी राहुल नरवाल
