हिसार:– वीरवार को स्थानीय संयुक्त कार्यालय परिसर में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। इसमें तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने जन समस्याएं सुनी और इनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
समाधान शिविर में स्थानीय उत्तम नगर निवासी बिजेंद्र ने अपनी शिकायत प्रस्तुत करते हुए कहा कि उत्तम नगर में एक आर .ओ. लगा हुआ है। जिसके कारण उनके सबमर्सिबल पंपसेट का पानी खराब हो गया है और अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। तहसीलदार ने इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद के अधिकारियों को मौके पर जाकर मामले की जांच कर समाधान करवाने के निर्देश दिए।
हांसी शहर में स्थित रूप नगर निवासी जतिन ने परिवार पहचान पत्र में वर्णित आय दुरुस्त करवाने को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय की वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए।
कुम्भा गांव के ग्रामीणों ने नायक बस्ती में बिजली के पोल लगवाने को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर तहसीलदार ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को मौका मुआयना करने उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार से तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने ढाणा कला के ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह तालाब से गंदे पानी की निकासी करवाने के लिए कार्य योजना तैयार करें। ढाणी मेहंदा गांव निवासी रत्ना देवी ने विधवा पेंशन बनवाने को लेकर आवेदन किया। इस पर तहसीलदार ने आवश्यक कागजातों का निरीक्षण कर पेंशन बनवाने के निर्देश दिए।
संयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने सुनी जन समस्याएं
