करनाल, 02 जून:- हरियाणा सरकार द्वारा अध्यापकों की वर्षों पुरानी मांगों के समाधान और शिक्षा क्षेत्र में लिए गए सकारात्मक निर्णयों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए जिला अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विधायक जगमोहन आनंद से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा, जिस पर विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
सेक्टर-13 स्थित अपने कैंप कार्यालय में अध्यापक संघ के सदस्यों से मुलाकात के दौरान विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर वर्ग के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है तथा शिक्षक वर्ग का सम्मान और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
अध्यापक संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान कर ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इस अवसर पर अतिथि अध्यापकों ने भी अपने विषयों से संबंधित ज्ञापन विधायक को सौंपे तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। विधायक ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।