देहलां/ऊना, 25 जून:- महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आंगनवाड़ी केंद्र अपर देहलां  में समर मेले का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा तथा बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी देना और उनके प्रति जागरूक करना रहा। 
सुपरवाइज़र आशा देवी ने उपस्थित महिलाओं को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार, बच्चों के समुचित पोषण, गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल तथा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा देवी ने केंद्र की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनवाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान बच्चों एवं महिलाओं के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में ग्राम प्रधान सतवीर कौर, उपप्रधान हरजीत सिंह, अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सभी ने इस प्रकार के आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रयासों की सराहना की। 
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं एवं बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। समर मेला सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।