हरियाणा/ हिसार:- भारत विकास परिषद, गायत्री शाखा बरवाला एवं रागनी आर्ट्स, बरवाला के संयुक्त तत्वावधान में ब्राह्मण धर्मशाला बरवाला के प्रांगण में आयोजित रंगोत्सव एवं बाल संस्कार शिविर के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी वन बरवाला के प्रधानाचार्य जिले सिंह शेखावत ने माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। 
मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य जिले सिंह शेखावत ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं संस्कारों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
 ऐसे शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार बनते हैं। आज के कार्यक्रम अध्यक्ष संस्कार गतिविधि संयोजक टेकचंद मुदगल ने कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है। शिविर में बच्चों को कला शिक्षक रविन्द्र जांगड़ा ने सुलेख, लेखन की आधारभूत जानकारी दी। 
कार्यक्रम के दौरान सचिव राजेन्द्र भट्ट, प्रकल्प प्रमुख सुनील अत्री, सुरेन्द्र गोयल, वीरेन्द्र शर्मा, सेवा गतिविधि जिले सिंह जाखड़, जसवंत लोहान एवं संपर्क गतिविधि संयोजक जिले सिंह एलआईसी, राजबीर, मदन सोनी, मास्टर सूरजमल, मास्टर सतीश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शाखा महिला सहभागिता गुंजन गोयल, सुनीता जाखड़ ने देशभक्ति व राष्ट्रप्रेम के विषय पर बच्चों के साथ चर्चा की। 
बच्चों की पारंपरिक खेलो की प्रतिस्पर्धा भी करवाई गई। इस दौरान भाविप गायत्री शाखा और रागिनी आर्ट्स के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य जिले सिंह शेखावत को सम्मानित किया गया।