हांसी:– बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल, हाँसी में विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, तार्किक चिंतन एवं डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "क्विज़-ओ-टेक' कंप्यूटर क्विज़ प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य लवली चावला, प्रशासक प्रवीण चुघ व एकेडमिक कोऑर्डिनेटर पवन रावल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके व विद्यार्थियों द्वारा शब्द गायन करके किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास, उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लेते हुए अपने उत्कृष्ट कंप्यूटर ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि प्रत्येक टीम का नाम सूचना एवं प्रौद्योगिकी जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों मार्क ज़ुकरबर्ग, चार्ल्स बैबेज, जॉन मैकार्थी तथा सुंदर पिचाई के नाम पर रखा गया। इससे विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र के अग्रणी व्यक्तित्वों के जीवन एवं योगदान से प्रेरणा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम को रोचक, ज्ञानवर्धक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए इसे चार चरणों जनरल राउंड, बजर राउंड, रैपिड-फ़ायर राउंड तथा विज़ुअल राउंड में आयोजित किया गया। प्रत्येक चरण में प्रतिभागी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहाँ विद्यार्थियों ने कंप्यूटर विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी तथा डिजिटल दुनिया से जुड़े प्रश्नों के सटीक और त्वरित उत्तर देकर सुंदर पिचाई टीम के विद्यार्थियों आदित्य, श्री लक्ष्मी, मनस्वी ,असमी ने प्रथम ,मार्क जुकरबर्ग टीम ने द्वितीय व जॉन मैकार्थी टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों का उत्साह भी देखने योग्य रहा।प्रतियोगिता के सफल संचालन में कंप्यूटर विभाग के शिक्षक पूनम खेड़ा, कन्हैया, मीनू रानी, सुषमा तथा सोनाली का विशेष योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, योजनाबद्ध तैयारी एवं निष्पक्ष संचालन ने प्रतियोगिता को सफल और यादगार बनाया।
विद्यालय की प्राचार्या लवली चावला व प्रशासक प्रवीण चुघ ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह की सराहना करते हुए विजेता टीमों को बधाई दी। अपने संबोधन में प्राचार्या लवली चावला ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन का आवश्यक कौशल बन चुका है। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार, तार्किक सोच, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं और उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया ।
बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल में क्विज़ओटेक कंप्यूटर क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन
