करनाल, 27 नवंबर: एसडीएम असंध राहुल ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या एक गंभीर अपराध है, इस अपराध में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाए। जिला में पीएनडीटी एक्ट की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित की जाए और नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण करके उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
एसडीएम राहुल आज यहां लघु सचिवालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में लिंगानुपात सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायत व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी लोगों में जागरूकता के लिए ठोस कदम उठाएं और सांझा प्रयास करें। उन्होंने कहा जिन गांवों में लिंगानुपात बेहतरीन है, ऐसे गांवों के लोगों को उन गांवों के लोगों से बातचीत कराई जाए जहां लिंगानुपात कम है, ताकि लिंगानुपात में सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए तथा पड़ोसी राज्यों में भी रेड करें। उन्होंने कहा कि लिंग परीक्षण करवाना और करना दोनों कानूनी तौर पर अपराध हैं, ऐसे व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखें और सख्त कार्रवाई करें।
बैठक में उप सिविल सर्जन एवं पीएनडीटी की नोडल अधिकारी डॉ शीनू चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिंगानुपात में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अक्तूबर माह में जिला में लिंगानुपात 939 रहा। कम लिंगानुपात वाले गांवों में जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं, गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकरण के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन माह में 5 रेड की गई हैं जो सफल रहीं।
कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ की जाए सख्त कार्रवाई राहुल
