रतिया, 17 दिसंबर:- पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर रतिया पुलिस एवं ड्रग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोरों की सघन जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाना तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना रहा।
इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में ड्रग्स इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के साथ थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। टीम द्वारा विशेष रूप से यह जांच की गई कि कहीं किसी भी प्रकार की नशीली दवाइयां, सिरिंज अथवा प्रतिबंधित दवाएं बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के तो नहीं बेची जा रही हैं।
अभियान के दौरान जिंदल मेडिकल, गुरी मेडिकल, जांगड़ा मेडिकल, अरुण मेडिकल, रत्ताखेड़ा जांगड़ा मेडिकल तथा बाला जी मेडिकल हॉल सहित अन्य मेडिकल स्टोरों की गहनता से जांच की गई। दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रिकॉर्ड तथा लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को समय रहते रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल संचालकों को सख्त शब्दों में चेतावनी दी गई कि वे बिना डॉक्टर की पर्ची के किसी भी प्रकार की नशीली दवा, इंजेक्शन या सिरिंज किसी को भी न दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मेडिकल संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें यह भी निर्देश दिए गए कि वे बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखें और समय-समय पर संबंधित विभाग को सहयोग प्रदान करें।
पुलिस एवं ड्रग विभाग ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फतेहाबाद पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
नशीली दवाओं पर सख्ती रतिया में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण बिना पर्ची दवा देने पर कड़ी चेतावनी
