हरोली/ऊना, 11 सितंबर (राजवीर चोपड़ा):- नशा मुक्त हिमाचल एवं चिट्टा मुक्त अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय हरोली में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एकलव्य कला मंच प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी बनगड, की टीम द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, विशेषकर चिट्टे जैसे घातक नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे जैसी बुराई से स्वयं दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त एवं चिट्टा मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्रो आर एस डडवाल ने बटालियन वन, बनखंडी की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं नशा मुक्ति सेल प्रभारी डॉ निधि शर्मा के अतिरिक्त NSS प्रभारी डॉ शकुन्तला राणा व 
अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एकलव्य कला मंच प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी बनगड  की तरफ से सतीश कुमार योगेश कुमार अरविंद कौशल शिव कुमार काजल तथा अन्य सदस्य मौजूद रहे।