संतोषगढ़/ऊना, 18 जून (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोषगढ़ द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक विशेष लोक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं एवं छोटे व्यापारियों को केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।
शिविर में नगर परिषद संतोषगढ़ के कार्यकारी अधिकारी हर्ष गुप्ता, वार्ड नंबर 3 की पार्षद चरणजीत कौर, वार्ड नंबर 6 की पार्षद कुसुम लता, वार्ड नंबर 9 की पार्षद अंजना चब्बा, आशुतोष शर्मा, सीएमएमयू विशेषज्ञ सुशील कुमार, अभिषेक पठानिया, सीओ किरण बैंस, शामली ठाकुर सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडरों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडरों को बिना किसी गारंटी के तीन चरणों में क्रमशः 15 हजार रुपये, 25 हजार रुपये और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का लाभ मिलता है। साथ ही डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिमाह 100 रुपये तक का कैशबैक भी प्रदान किया जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि ‘स्वनिधि से समृद्धि’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, जन-धन योजना समेत केंद्र सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
शिविर के दौरान स्ट्रीट वेंडरों की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र लाभार्थियों को योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यकारी अधिकारी हर्ष गुप्ता ने स्ट्रीट वेंडरों से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे शिविर छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में उपस्थित स्ट्रीट वेंडरों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिलती है और आर्थिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी आसान होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाने की मांग की।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत संतोषगढ़ में विशेष लोक कल्याण शिविर आयोजित स्ट्रीट वेंडरों को दी गई योजनाओं की जानकारी
