हिसार:– 1 हरियाणा आर एंड वी स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-180) के दूसरे दिन कैडेटों के शारीरिक, सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
दिन की शुरुआत ऊर्जावान शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) से हुई। इसके बाद खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं घुड़सवारी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेटों में शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा अश्वारोहण कौशल का विकास करना था।
तकनीकी प्रशिक्षण के तहत कैडेटों को ड्रिल एवं शस्त्र प्रशिक्षण (वेपन ट्रेनिंग) दिया गया। इस दौरान उन्हें सैन्य अनुशासन के साथ-साथ हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की मूलभूत जानकारी भी प्रदान की गई।
शैक्षणिक सत्र में आपदा प्रबंधन तथा रिमाउंट एंड वेटरिनरी कोर (आरवीसी) के संगठन विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इन व्याख्यानों के माध्यम से कैडेटों को आपदा के समय प्रभावी प्रतिक्रिया देने की तकनीक तथा भारतीय सेना में आरवीसी की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया।
प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण के अंतर्गत कैडेटों को मिलिट्री हॉस्पिटल का ओरिएंटेशन कराया गया। साथ ही फर्स्ट एड, शॉक के प्रबंधन तथा घावों के उपचार एवं देखभाल से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे प्रभावी ढंग से सहायता कर सकें।
शिविर कमांडेंट कर्नल विनीत बुटोला ने कैडेटों के उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास, सेवा-भाव तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है, जिससे वे भविष्य में समाज और देश की प्रभावी सेवा कर सकें।