खरड़ (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 5 अक्तूबर 2026:- पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत खरड़ ब्लॉक के गांव बजहेड़ी, बासिया और बत्ता में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, विचारधारा और उनकी शिक्षाओं को दर्शाने वाली 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से गांववासियों को दिखाई गई।

उप-मंडल मजिस्ट्रेट, खरड़ श्री गुरमीत सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपनी बाणी और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे, आपसी सद्भाव और मानवता की सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और हमें जात-पात, भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर एकजुट होकर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह विशेष डॉक्यूमेंट्री गांवों में एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से दिखाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग श्री गुरु रविदास जी के जीवन और उनकी विचारधारा से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महान गुरु साहिबान और संत-महापुरुषों की शिक्षाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

गांव बजहेड़ी, बासिया और बत्ता में डॉक्यूमेंट्री देखने के लिए बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित हुए। एल.ई.डी. स्क्रीन पर दिखाई गई 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनके उपदेशों और समाज को दिए मानवता, सांझेदारी और समानता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि ऐसे प्रयासों के माध्यम से लोगों को अपने महान गुरु साहिबान की विचारधारा से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भावना और भाईचारे को और मजबूत करने का संदेश मिलता है। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि वे श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में भाईचारे को मजबूत करने के लिए अपना योगदान दें।