होशियारपुर: चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी राहुल चाबा ने आज राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राजनीतिक दलों को 1 जनवरी 2025 के आधार पर विधानसभा हलका 044-चब्बेवाल की मतदाता सूचियों के विशेष सुधार कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 30 नवंबर 2024 (शनिवार) व 8 दिसंबर 2024 (रविवार) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वे पात्र व्यक्तियों से दावे व आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उल्लेखनीय है कि ये दावे व आपत्तियां 27 नवंबर से 12 दिसंबर 2024 तक प्राप्त की जाएंगी तथा 24 दिसंबर तक इन दावों व आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा।
मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को होगा। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों/सचिवों से अपील की है कि वे मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर बीएलओ के कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों की आयु 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो गई है, वे फार्म नंबर 6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यदि किसी को सूची में दर्ज नाम पर कोई आपत्ति है या वह अपना नाम हटवाना चाहता है, तो वह फार्म नंबर 7 भरकर आवेदन करे। सूची में किसी प्रकार की गलती को ठीक करने, पते में परिवर्तन या डुप्लीकेट वोटर कार्ड के लिए फार्म नंबर 8 का प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उक्त कार्य के लिए मतदाता संबंधित बूथ लेवल अधिकारी या सहायक चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी 044-चब्बेवाल से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता हेल्पलाइन एप या एनवीएसपी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार सरबजीत सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से रजनीश टंडन, आम आदमी पार्टी से जसपाल सिंह और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
मतदाता सूची सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत 30 नवंबर व 8 दिसंबर को विशेष कैंप : अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी
