फतेहाबाद, 1 जुलाई:- *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीए* स के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान को *एएसपी श्रीमती दिव्यांशी सिंगला* के प्रभावी पर्यवेक्षण में लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। इसी क्रम में फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध दो बड़ी कार्रवाई करते हुए *एक ओर 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ महिला सहित दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया* , *वहीं दूसरी ओर एक कुख्यात नशा तस्कर की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति भी फ्रीज करवा दी।*
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए *एएसपी श्रीमती दिव्यांशी सिंगला* ने बताया कि सीआईए रतिया की टीम एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए गश्त एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि ईश्वर लाल पुत्र मांगी लाल पाटीदार निवासी बरलाई, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) तथा सोना प्रजापति पत्नी सुनील प्रजापति निवासी बैजलपुर, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश) मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अफीम लेकर हरियाणा एवं पंजाब में सप्लाई करने आ रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए *एएसपी दिव्यांशी सिंगला* के मार्गदर्शन में *सीआईए रतिया टीम* ने तत्काल एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए विवरण के अनुसार होंडा सिटी कार नंबर DL-3CBA-2461 को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही कार के आगे और पीछे ' *दैनिक सुदर्शन टुडे'* के स्टिकर लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपियों ने स्वयं को संदेह से दूर रखने तथा पुलिस जांच के दौरान आसानी से निकलने के उद्देश्य से समाचार पत्र के स्टिकरों का कथित रूप से दुरुपयोग किया। पुलिस इस पूरे पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है कि इन स्टिकरों का उपयोग किस उद्देश्य से किया गया तथा इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है। जांच में यदि किसी प्रकार का दुरुपयोग सामने आता है तो नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*एएसपी श्रीमती दिव्यांशी सिंगला* ने कहा कि अपराधी कानून से बचने के लिए चाहे कितने भी नए तरीके अपनाएं, फतेहाबाद पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के सामने उनके सभी प्रयास विफल होंगे। नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 253 दिनांक 30.06.2026 के तहत धारा 18(बी), 27ए, 29, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के विरुद्ध पूर्व में भी पंजाब के भटिंडा जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर इस अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क, इसके सप्लायरों, खरीददारों तथा अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ करेगी।
*नशे की कमाई से बनाई संपत्ति फ्रीज, कानूनी शिकंजा*
*एएसपी दिव्यांशी सिंगला* ने बताया कि नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति के तहत थाना शहर टोहाना पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर सुरेश उर्फ शेशा निवासी किला मोहल्ला, टोहाना की अवैध कमाई से अर्जित *करीब 30 लाख रुपये मूल्य* की रिहायशी संपत्ति को धारा 68-एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज करवाया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले आरोपी लखबिंदर सिंह से 7.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पूछताछ में उसने लिखित रूप से स्वीकार किया था कि उसने यह हेरोइन सुरेश उर्फ शेशा से खरीदी थी। इसके आधार पर सुरेश उर्फ शेशा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन बेचकर प्राप्त 3,000 रुपये भी बरामद किए गए थे। विवेचना के दौरान आरोपी की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे नियमानुसार फ्रीज कराया गया।
*एएसपी दिव्यांशी सिंगला* ने बताया कि फतेहाबाद पुलिस अब तक 34 नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करवाकर स्पष्ट संदेश दे चुकी है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति भी कानून की जद से बाहर नहीं है। भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों पर भी इसी प्रकार कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
