नई दिल्ली/चंडीगढ़, 8 सितंबर:- दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन की इमारत गिरने की घटना के बाद पुलिस ने इसके मालिक को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत के काम के दौरान गिर गई थी। इसमें लड़कों का ‘पेइंग गेस्ट’ (पी.जी.) आवास था। इस हादसे में अब तक मलबे में से 12 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से 7 की मौत हो चुकी है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इमारत के मालिक हरि राम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ भी जारी है।
दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर को एक बहुमंजिला इमारत के ढहने का खौफनाक पल एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके कारण व्यस्त इलाके में धूल का भारी गुबार छा गया और कई लोग मलबे के नीचे फंस गए।
लगभग 1:15 बजे रिकॉर्ड की गई इस फुटेज में दिखाई दिया है कि एक रेहड़ी वाला अपनी रेहड़ी के पास बैठा है, जब वह अचानक ऊपर की ओर देखता है, खड़ा होता है और सुरक्षा के लिए भागता है। कुछ सेकंड में ही इमारत गिर जाती है और कैमरे का फ्रेम धूल और मलबे से भर जाता है। दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बहुमंजिला इमारत गिरने के कारण कम से कम 7 लोगों की जान जाने के बाद दिल्ली नगर निगम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। निगम ने इस हादसे के संबंध में अपने साउथ जोन के पांच वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निलंबित किए गए अधिकारियों में साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग), असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) और जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) शामिल हैं। निलंबन के आदेशों के अनुसार, इन अधिकारियों को निलंबन की अवधि के दौरान लागू नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
दिल्ली नगर निगम (एम.सी.डी.) ने इस इलाके में हुए घातक इमारत हादसे, जिसमें छह जानें चली गई थीं, के बाद सत्य निकेतन में एक इमारत को "खंडहर/खतरनाक" घोषित करते हुए तीन दिनों के अंदर-अंदर ढहाने के आदेश दिए हैं।