करनाल, 13 जून:- करनाल के असंध क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार महिलाओं और तीन पुरुषों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान होटल से विजिटर रजिस्टर, क्यूआर स्कैनर और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस ने होटल संचालक, मैनेजरों और कुछ ग्राहकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, असंध पुलिस शुक्रवार शाम सालवन चौक बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जींद रोड स्थित होटल लग्जरी में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय करनाल से सर्च वारंट प्राप्त किया।
पुलिस ने एक व्यक्ति को फर्जी ग्राहक बनाकर होटल भेजा। वहां मौजूद कर्मचारी ने उससे एक हजार रुपये की मांग की, जिसे उसने ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया। भुगतान के बाद उसे होटल की पहली मंजिल पर भेजा गया। निर्धारित संकेत मिलने पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी कर दी।
रेड के दौरान पुलिस को रिसेप्शन पर दो युवक मिले, जिन्होंने अपनी पहचान मंजीत कुमार और राहुल के रूप में बताई। वहीं पहली मंजिल पर बने चार कमरों से चार महिलाएं और तीन पुरुष मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
जांच में सामने आया कि होटल को गोहाना के रूखी निवासी रामबीर ने किराये पर लिया हुआ था। पुलिस के अनुसार होटल में कार्यरत मंजीत कुमार और राहुल ग्राहकों की व्यवस्था करते थे। आरोप है कि प्रत्येक ग्राहक से एक हजार रुपये लिए जाते थे, जिनमें से आधी राशि महिलाओं को दी जाती थी जबकि शेष रकम होटल स्टाफ के बीच बांटी जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रिसेप्शन काउंटर से विजिटर रजिस्टर, एक रिकॉर्ड कॉपी, स्कैनर और कंडोम बरामद किए। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि होटल संचालक रामबीर, मैनेजर राहुल और मंजीत कुमार के अलावा दो ग्राहकों कृष और विशाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीएसआई संदीप की शिकायत पर असंध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।