हरोली/ऊना, 6 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगल कलां में स्कूल प्रबंधन समिति (एस.एम.सी.) का गठन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनाक्षी गुप्ता ने की। बैठक में अभिभावकों एवं समिति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से श्री अशोक कुमार को एस.एम.सी. का अध्यक्ष तथा श्रीमती कृष्णा देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य मीनाक्षी गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय के समग्र विकास में एस.एम.सी. की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों और समिति सदस्यों से विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, अनुशासन तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अशोक कुमार ने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा देवी ने भी विद्यालय की प्रगति के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपस्थित नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजना कुमारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का आधार होती है। उन्होंने विद्यालय के विकास कार्यों एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक उन्नति के लिए नगर पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने नवगठित एस.एम.सी. समिति को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि समिति विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष राज कुमार, विद्यालय स्टाफ के सदस्य, अभिभावक एवं समिति सदस्य भी उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगल कलां में एसएमसी समिति का गठन अशोक कुमार अध्यक्ष एवं कृष्णा देवी उपाध्यक्ष चुनी गईं
