डेराबस्सी (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 14 सितंबर 2026:- डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी श्रीमती कोमल मित्तल, आई.ए.एस. के दिशा-निर्देशों के अनुसार डेराबस्सी विधानसभा चुनाव हलके में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 के तीसरे चरण के तहत दावों और आपत्तियों की निपटारा प्रक्रिया जारी है। यह चरण 13 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक चला, जिसके दौरान आम जनता द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त/पेश की गईं।
एस.डी.एम.-कम-ई.आर.ओ. डेराबस्सी श्री अमित गुप्ता ने बताया कि प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा निर्धारित समय-सारिणी अनुसार 8 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और भागीदारी वाला बनाने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को भी दावों और आपत्तियों से संबंधित जरूरी जानकारी नियमित तौर पर मुहैया करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव हलका डेराबस्सी के लिए राजनीतिक पार्टियों की जानकारी के लिए फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 से संबंधित आखिरी हफ्ते की सूचियां फॉर्म नंबर 9, 10, 11 और 11-ए में मुहैया करवाई गई हैं। इसके अलावा, चुनाव अधिकारियों द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के साथ साप्ताहिक मीटिंगें करके दावों और आपत्तियों संबंधी जरूरी जानकारी भी साझा की जा रही है।
एस.डी.एम.-कम-ई.आर.ओ. ने कहा कि एस आई आर-2026 की प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और समय-सारिणी का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि योग्य वोटरों के नाम वोटर सूची में शामिल करने और आपत्तियों का नियमों अनुसार निष्पक्ष ढंग से निपटारा करने की प्रक्रिया को सुचारू बनाया जा सके।