करनाल, 18 मई- जिला पुलिस करनाल के थाना शहर के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सदर बाजार इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में अवैध नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियो की पहचान शिवा पुत्र हरिप्रकाश तथा आयुष पुत्र दीपक निवासी घरौंडा, करनाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियो के कब्जे से 55 ग्राम स्मैक नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
चौकी इंचार्ज सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियो के खिलाफ थाना शहर में मुकदमा नंबर 323/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।
प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी उक्त नशीले पदार्थ को आगे बेचने के उद्देश्य से पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से खरीदकर लाए थे। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन पर नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू किया।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी शिवा का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जबकि उसके साथी आयुष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी शिवा से रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है तथा नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में अग्रिम अनुसंधान जारी है।