रतिया, 26 अगस्त- जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा रतिया शहर में पानी एवं सीवरेज के अवैध कनेक्शनों को वैध करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमों द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में घरों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों के कनेक्शनों की जांच की जा रही है तथा अवैध कनेक्शन पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फतेहाबाद शर्मा चंद लाली ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जा चुके हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने पानी एवं सीवरेज कनेक्शन जल्द से जल्द मंजूर करवाएं। 1 सितंबर 2026 से नोटिस दिए जाने के बावजूद कनेक्शन वैध नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के सीवरेज कनेक्शन बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य किसी उपभोक्ता को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर में पानी एवं सीवरेज व्यवस्था को व्यवस्थित करना और सभी कनेक्शनों को विभागीय रिकॉर्ड में लाना है। अवैध कनेक्शन के कारण विभाग को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ सीवरेज व्यवस्था के संचालन में भी परेशानी आती है।
शर्मा चंद लाली ने बताया कि सरकार द्वारा पानी एवं सीवरेज कनेक्शन वैध करवाने के लिए विशेष सुविधा दी जा रही है। पेयजल कनेक्शन के लिए ₹1,000 तथा सीवरेज कनेक्शन के लिए ₹500 शुल्क निर्धारित है। उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने कनेक्शन वैध करवाएं और भविष्य में होने वाली कार्रवाई से बचें।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि जिनके पानी या सीवरेज कनेक्शन अभी तक वैध नहीं हैं, वे बिना देरी किए संबंधित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय से संपर्क करें और अपने कनेक्शन मंजूर करवाएं।
शर्मा चंद लाली ने कहा, “अवैध कनेक्शन छोड़कर वैध कनेक्शन अपनाएं और शहर की पानी एवं सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने में विभाग का सहयोग करें।”
इस दौरान कुलदीप सिंह, पृथ्वी सिंह, खण्ड संयोजक पवन कुमार, राम मेहर सिंह, संदीप सिंह, नफे सिंह, श्री राम, दीपक कुमार, कृष्ण शर्मा, दिनेश शर्मा, दलबीर सिंह आदि कर्मचारी मौजूद रहे।