हांसी, 16 सितंबर:- जनसेवा और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ वीरवार, 17 सितंबर को होगा। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में सेवा, सहयोग, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर डीसी राहुल नरवाल ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन अभियान का रूप देने तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि अभियान के पहले दिन हांसी में जिला सचिवालय, रेलवे स्टेशन, तोरण द्वार, हांसी-भिवानी राजमार्ग, माता काली देवी मंदिर, गीता चौक, जैन मंदिर, राधा स्वामी सत्संग भवन, केशी फार्म, हिसार चुंगी विद्यालय, जाट धर्मशाला, लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, बजरंग आश्रम, एसडीओ महिला महाविद्यालय, समाधा मंदिर, डॉ. आंबेडकर चौक, पटेल चौक, तिकोना पार्क, बरसी गेट, जेसीआई चौक, अशोक चौक, राजकीय महाविद्यालय, डाटा, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, हांसी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, नागरिक अस्पताल, बाबा बंदा बहादुर विद्यालय, पृथ्वीराज चौहान किला, तहसील कार्यालय, राजकीय महाविद्यालय उगालन, लघु सचिवालय नारनौंद, नगर पालिका कार्यालय नारनौंद, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्याऊ माजरा, तहसील कार्यालय खेड़ी जालब तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान राखी शाहपुर में आशीर्वाद का दिया अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में इसके साथ-साथ सभी बूथों, अमृत सरोवरों, विकास परियोजनाओं, गौशालाओं तथा धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि पूरे एक माह के दौरान अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा। अभियान में रक्तदान, मेरे सपनों का भारत, आंगन मिलन सेवा, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, चित्र सेवा, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सेवा सेतु अभियान जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
इसके अलावा नमो सेवा-अनकही कहानियां’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा कार्यों, जनभागीदारी और सुशासन से जुड़े अनुभवों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को रचनात्मक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके लिए विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के तहत होने वाली प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही, कार्यक्रमों का फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
बैठक में एडीसी लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी अक्षय कुमार, सीएमओ बुद्धिराजा, डीईईओ विनोद श्योराण, डीईओ महेंद्र सिंह, बीडीपीओ अशोक मेहरा, राजसिंह व सत्यवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।
