हांसी (दिनकर गावड़ी):- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क प्रकोष्ठ की बैठक जिला संयोजक अशोक कनौजिया की अध्यक्षता में स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि आज विश्व में भाजपा का प्रथम स्थान होना वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जाता है। त्रिपाठी ने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव और नए कार्यकर्ताओं के जोश के बल पर नरेंद्र मोदी देश के चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि देश का विपक्ष हताश हो चुका है और देश में अराजकता फैलाना चाहता है, लेकिन उसके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।
वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं हरियाणा सरकार के हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धूम्मन सिंह किरमीच ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन से ही पार्टी का समग्र विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अतीत में जब कार्यकर्ताओं के पास संसाधनों की कमी थी और परिस्थितियां भी प्रतिकूल थीं, तब उन्होंने अपने परिश्रम के बल पर पार्टी को बुलंदियों तक पहुंचाया। यही वजह है कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं।
वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक एवं अटेली के पूर्व विधायक सीता राम यादव ने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और नवंबर माह तक प्रकोष्ठ का गठन मंडल स्तर तक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन का उपयोग सरकार और संगठन को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। यादव ने कहा कि जो कौमें अपने अतीत को भूल जाती हैं, वे नष्ट हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता एक परिवार की तरह काम करते हैं।
बैठक के अंत में हांसी जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर हांसी जिला प्रभारी प्रतिभा सुमन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मंच संचालन हांसी विधानसभा संयोजक अशोक ढालिया ने किया। बरवाला विधानसभा संयोजक रणधीर सिंह धीरू, नारनौंद विधानसभा संयोजक रघुवीर सिंह सिहाग सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेंद्र लांबा, जगदीश भाटिया, राममेहर लोहान, साधु राम जाखड़, रामनिवास फौजी, एडवोकेट राजेंद्र गर्ग, रामफल बूरा, नरेंद्र नारंग, विजय बंसल, प्रेम वर्मा, नरेंद्र मलिक, प्रवीण गोदारा, राजपाल नियाना, धर्मवीर गुराना, हेमंत शर्मा, मनोज रहेजा, सतीश सिंधु, वजीर जमावड़ी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
