संतोखगढ़/ऊना, 1 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर कल्याण विभाग, ऊना, हिमाचल प्रदेश द्वारा जिला ऊना के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठतम नागरिकों के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संतोखगढ़ के वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के वरिष्ठ सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, संतोखगढ़ के अध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया एवं कोषाध्यक्ष अशोक कुमार तेजपाल के नेतृत्व में संस्था के वरिष्ठतम सदस्यों श्री विक्रमजीत चब्बा, श्री चरण दास महाजन एवं श्री प्रताप सिंह नेगी को 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया। जिला कल्याण अधिकारी श्री आवास पंडित एवं तहसील कल्याण अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार ने उन्हें हिमाचली विरासती टोपी एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री विक्रमजीत चब्बा ने जिला कल्याण अधिकारी श्री आवास पंडित से सम्मान प्राप्त करने के उपरांत समारोह में उपस्थित जिला ऊना के वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं समाज में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को ऐसी शिक्षा एवं संस्कार दिए जाने चाहिए, जिससे वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें और देश की युवा पीढ़ी को सुरक्षित रखा जा सके।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, संतोखगढ़ के अध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया ने जिला कल्याण अधिकारी श्री आवास पंडित एवं तहसील कल्याण अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार का सम्मान समारोह आयोजित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिषद संतोखगढ़ के वरिष्ठ नागरिकों की सेवा एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। संस्था की समस्त कार्यकारिणी वरिष्ठ नागरिकों की सहायता एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है।
समारोह में जिला कल्याण अधिकारी श्री आवास पंडित, तहसील कल्याण अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार, जिला कल्याण कार्यालय से मैडम सीमा, जिला ऊना वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री जी. आर. वर्मा, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद संतोखगढ़ के अध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार तेजपाल, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राम नारायण प्रभाकर, विक्रमजीत चब्बा, प्रताप सिंह नेगी, चरण दास महाजन, अशोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
