हांसी:– एसडीएम राजेश खोथ ने शुक्रवार को रामायण तथा देपल गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में जाकर फसल खराबे को लेकर किए गए सर्वे की पड़ताल की। इसके बाद रामायण गांव के सामुदायिक केंद्र में किसानों तथा अन्य नागरिकों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई हर समस्या को गंभीरता से सुना और मौके पर ही मोबाइल फोन के जरिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। 
एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामायण तथा ढंढेरी गांवों के जल घरों के टैंको की सफाई करवा कर पानी भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बरसात का सीजन लगभग समाप्त हो चुका है। ऐसे में इन दोनों गांवों के जलघर परिसरों की साफ सफाई भी करवाई जाए। 

रामायण गांव के किसान नहीं जलाएंगे पराली: 
एसडीएम ने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और भूमि की उर्वरा शक्ति भी कमजोर होती है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर संचालित की जा रही योजनाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। 
किसानों ने एसडीएम से एक बेलर उपलब्ध करवाने की मांग रखी। एसडीएम इस मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि गांव को बेलर मशीन अवश्य उपलब्ध करवाई जाएगी। 
इस पर उपस्थित सभी नागरिकों ने कहा कि वह फसल अवशेष नहीं जलाएंगे और इस कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर डॉ नरेंद्र सहरावत, मास्टर तेलु राम बेरवाल, सरपंच अनिल कुमार, पूर्व सरपंच सूरजमल मलिक, विक्रम मलिक, बलराज भाकर, तथा जयवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।