हांसी:- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर हांसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-14 के बूथ लेवल अधिकारी रामफल को एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने प्रशंसा पत्र एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया। रामफल राजकीय विद्यालय बीड़ फार्म में जेबीटी अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह सम्मान गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का 98 प्रतिशत कार्य सबसे तेज गति से पूर्ण करने पर प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसकी सफलता बूथ लेवल अधिकारियों की मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि रामफल ने पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे कर्मठ अधिकारियों का सम्मान करने से अन्य कर्मचारियों का भी मनोबल बढ़ता है और अभियान को गति मिलती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद बीएलओ रामफल ने बताया कि एसआईआर अभियान के दौरान उन्होंने प्रतिदिन लगभग 12 से 14 घंटे तक लगातार कार्य किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने में उनके सुपरवाइजर सुरेश कुमार तथा सहयोगी स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि यदि पूरी ईमानदारी, विनम्रता और कड़ी मेहनत के साथ कार्य किया जाए तो किसी भी लक्ष्य को निर्धारित प्राप्त किया जा सकता है।
एसडीएम राजेश खोथ ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों से भी इसी प्रकार समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो बीएलओ एवं सुपरवाइजर अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें भी प्रशंसा पत्र एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हांसी विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर अभियान के सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करेंगे। इस अवसर पर चुनाव कानूनगो मुकेश बंसल तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट कार्य पर एसडीएम राजेश खोथ ने बूथ लेवल अधिकारी रामफल को प्रशंसा पत्र एवं नगद राशि देकर किया सम्मानित
