हांसी:- स्थानीय जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने नागरिकों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, जल आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा परिवार पहचान पत्र से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
शिविर के दौरान शहर की साफ-सफाई को लेकर प्रस्तुत एक शिकायत पर सुनवाई करते हुए एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि नगर की सड़कों की नियमित सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक एजेंसी को छह माह के लिए टेंडर दिया गया है, जिसने अपना कार्य भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि एजेंसी द्वारा शहर के बाजारों और मुख्य सड़कों की प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार सफाई करवाई जाएगी, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखा जा सके। इसके साथ-साथ गंदे पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने के लिए नालों की सफाई का कार्य भी एजेंसी को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि एजेंसी द्वारा एकत्रित कूड़ा-कचरे को बीड फार्म स्थित डंपिंग स्टेशन पर डाला जा रहा है।
समाधान शिविर में गांव खरकड़ा निवासी प्रदीप और दिलबाग ने बरसाती पानी की निकासी से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी व्यवस्था के लिए आवश्यकता अनुसार बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
इसी प्रकार राम सिंह कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र में जल आपूर्ति और गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। इस पर एसडीएम राजेश खोथ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा समाधान शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन बनवाने, परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों को ठीक करवाने और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर भी कई आवेदन प्राप्त हुए। एसडीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान करना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का शीघ्र निवारण हो सके।
इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संदीप भारद्वाज, नायब तहसीलदार खुर्शीद अहमद, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने सुनी जनसमस्याएं सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
