हांसी:- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत गणना फॉर्मों के डिजिटाइजेशन कार्य में धीमी प्रगति पर एसडीएम एवं निर्वाचन पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। वीरवार को उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा सुपरवाइजरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें कार्यों की एक-एक कर गहनता से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान यह सामने आया कि विधानसभा क्षेत्र के 20 ऐसे बूथ लेवल अधिकारी हैं, जिनके द्वारा अब तक 10 प्रतिशत से भी कम गणना फॉर्म पोर्टल पर डिजिटाइज किए गए हैं। इस पर एसडीएम राजेश खोथ ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी संबंधित 20 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने संबंधित सुपरवाइजरों को भी फटकार लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने अधीन कार्यरत बीएलओ की निगरानी और मार्गदर्शन में गंभीरता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी केवल रिपोर्ट देना नहीं, बल्कि कार्य की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करना भी है। भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही दोबारा पाई गई तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने सभी नोटिस प्राप्त बीएलओ को निर्देश दिए कि वे तुरंत अपने कार्य में सुधार लाएं और गणना फॉर्मों के डिजिटाइजेशन की गति को बढ़ाएं। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मचारियों के निलंबन के लिए निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा जाएगा।
एसडीएम राजेश खोथ ने हांसी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने गणना फॉर्म भरना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि आगामी 5 जुलाई और 12 जुलाई को सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे, जहां मतदाता अपने गणना फॉर्म भरकर जमा करवा सकेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य दिनों में बीएलओ घर-घर जाकर भी गणना फॉर्म एकत्रित करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को और अधिक गति प्रदान करने के लिए प्रशासन द्वारा हांसी विधानसभा क्षेत्र में सात कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिए गए हैं। इन कंट्रोल रूमों में सभी बूथ लेवल अधिकारी प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक बैठकर गणना फॉर्मों को पोर्टल पर डिजिटाइज करने का कार्य करेंगे। इन केंद्रों पर इंटरनेट सुविधा तथा सहयोगी स्टाफ की व्यवस्था की गई है, ताकि डिजिटाइजेशन का कार्य सुचारू एवं तेजी से पूरा किया जा सके।
एसडीएम ने बताया कि ये कंट्रोल रूम एसडी महिला महाविद्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हांसी, राजकीय माध्यमिक मॉडल संस्कृति स्कूल हिसार चुंगी हांसी, टोल प्लाजा, लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, ढाणा कला तथा घिराय गांव में स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता महसूस हुई तो इन कंट्रोल रूमों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जा सके।