संतोषगढ़/ऊना, 28 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोषगढ़ ने पुराने बस अड्डे स्थित नवनिर्मित वर्षा शालिका में यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए पंखे स्थापित कर दिए हैं। इससे गर्मी के मौसम में यहां बैठने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
नगर परिषद की अध्यक्ष अंजना चब्बा ने बताया कि वर्षा शालिका में आने वाले लोगों की लंबे समय से मांग थी कि यहां पंखों की व्यवस्था की जाए। नगर परिषद ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मांग को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पहले ही एक समाजसेवी महिला के सहयोग से यहां वाटर कूलर स्थापित कराया जा चुका है।
अंजना चब्बा ने कहा कि वर्षा शालिका के साथ ही एक आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का भी निर्माण कराया गया है, ताकि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करना है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से प्रतिदिन बस अड्डे का उपयोग करने वाले यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष संदीप कुमार, वार्ड नंबर-1 की पार्षद अंजू वाला, वार्ड नंबर-4 के पार्षद इकबाल सिंह, वार्ड नंबर-6 की पार्षद कुसुम लता, भाजपा शहरी इकाई के अध्यक्ष राजेश प्रभाकर, हर्ष चब्बा, बलराम चब्बा, नानक चंद, देवी लाल, बुद्ध राम, महिंदर कुमार, प्रीतपाल सिंह, रमन कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।