हांसी:– शहर के वार्ड नंबर-13 स्थित कर्ण कुंज एवं बरवाला रोड क्षेत्र में लंबे समय से बनी सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने उन्हें समस्याओं से अवगत कराते हुए स्थायी समाधान की मांग की।
क्षेत्रवासियों ने मांग रखी कि राधेश्याम मंदिर से बरवाला रोड तक जाने वाली मुख्य सीवरेज लाइन को 18 इंच क्षमता की नई पाइपलाइन से बदला जाए, ताकि बार-बार होने वाले सीवरेज ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने बताया कि बरसात के मौसम में क्षेत्र में गंभीर जलभराव हो जाता है। यह सड़क स्कूल बसों, निजी वाहनों और आम लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। जलभराव के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं और वाहनों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की।
वार्ड नंबर-12 और 13 के निवासियों ने बताया कि सीवरेज लाइन अक्सर ओवरफ्लो रहने के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है। कई बार दूषित पानी पेयजल आपूर्ति में भी मिल जाता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे उत्पन्न हो रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान एक्सईएन संजीव त्यागी ने संबंधित अधिकारियों को मौके का तकनीकी आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के जेई योगेश धमिजा, वार्ड नंबर-13 के पार्षद दीपक मुंजाल, नगर परिषद के मनोनीत पार्षद एवं पूर्व पार्षद रमेश मदान, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक नांगरू, तिलक राज वाधवा, संदीप कंकरवाल, गौरव, अजय मुंजाल, सुभाष, श्याम सहित वार्ड नंबर-12 एवं 13 के अनेक स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने विभाग से क्षेत्र की सीवरेज एवं जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।