होशियारपुर- भारत विकास परिषद ने अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में छात्र सक्षम वशिष्ट को राधा कृष्ण की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री अरोड़ा ने कहा कि सक्षम वशिष्ट ने कैग की राष्ट्रीय परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाने में अहम योगदान दिया है, जो होशियारपुर के साथ-साथ पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अरोड़ा ने अन्य बच्चों को भी सक्षम वशिष्ट के बताए रास्ते पर चलते हुए पूरी लगन व मेहनत से पढ़ाई करने को कहा ताकि होशियारपुर का नाम पूरे देश में चमकता रहे। अरोड़ा ने कहा कि सक्षम वशिष्ट आरटीआई जागरूकता मंच पंजाब के संस्थापक चेयरमैन राजीव वशिष्ट के सुपुत्र हैं जो जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
इस अवसर पर सक्षम वशिष्ठ ने भारत विकास परिषद का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी लगन से पढ़ाई जारी रखेंगे और सफलता हासिल करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर परिषद से साक्षी वशिष्ट, सुकृति वशिष्ट, मंजीत कौर पार्षद, वीना चोपड़ा और मदन लाल महाजन, विजय अरोड़ा, दविंदर अरोड़ा, अश्विनी दत्ता, जसवीर सिंह व अन्य मौजूद थे।
देश का गौरव बढ़ाने में सक्षम वशिष्ट का अहम योगदान : संजीव अरोड़ा
