रतिया, 7 सितंबर:- शिक्षक दिवस को समर्पित रोटरी क्लब रतिया टाउन की ओर से दो सेवानिवृत्त शिक्षकों परविंदर सिंह एवं प्रवक्ता कवलजीत सिंह को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने दोनों शिक्षकों को शाल एवं प्रशंसा-पत्र भेंट कर उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष एडवोकेट तरलोचन सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब रतिया टाउन वर्ष 2009 से प्रत्येक वर्ष सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनकी शानदार एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित करता आ रहा है। यह परंपरा शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी गमदूर सिंह एवं क्लब सचिव हरदीप सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों का स्वागत किया तथा क्लब की गतिविधियों और समाजसेवा के कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सम्मानित शिक्षकों ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान शिक्षकों के लिए न केवल गौरव का विषय है, बल्कि उन्हें समाजहित में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित भी करता है।
समारोह में टेक सिंह चहल, मेजर सिंह, सतपाल सिंह, उदयदीप सिंह, सुखविंदर साधू, पलविंदर गिल और हरमन दंदीवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।