हांसी:– पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय हांसी में सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मचारियों में आर्नरी निरीक्षक धर्मपाल, उप निरीक्षक दलवीर सिंह तथा उप निरीक्षक जयवीर सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने सभी कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग में कर्मचारियों द्वारा दी गई निष्ठावान एवं समर्पित सेवाएं विभाग की अमूल्य पूंजी होती हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का पड़ाव जरूर है, लेकिन विभाग और साथियों के साथ जुड़ा अपनापन और सम्मान हमेशा बना रहता है। विभाग उनके योगदान को हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा।
इस अवसर पर डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी रविन्द्र सांगवान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
हांसी पुलिस परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गई ।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने दी शुभकामनाएं
